हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा जीरकपुर नगर काउंसिल क्षेत्र के अंतर्गत कुल 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बड़े स्तर पर विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए शिलान्यास किया गया। यह परियोजनाएं क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
विस्तृत जानकारी देते हुए विधायक रंधावा ने बताया कि सबसे पहले वार्ड नंबर–15 में 2 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं स्टॉर्म सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत की गई है। इस परियोजना से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा।
इसके अलावा वार्ड नंबर–16 में 2 करोड़ 1 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों पर स्टॉर्म सीवरेज लाइन निर्माण तथा इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने के कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे न केवल सड़कों की स्थिति में सुधार होगा, बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्रवासियों को दैनिक समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार पारदर्शी प्रशासन और तेज गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और सुधार सरकार की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में ज़ीरकपुर के अन्य क्षेत्रों में भी विकास परियोजनाओं की श्रृंखला जारी रहेगी, ताकि शहर को एक व्यवस्थित, आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
इस मौके पर नगर काउंसिल के अधिकारी, पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और विकास कार्यों की शुरुआत का स्वागत किया।
